माखी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर जांच शुरू की
उन्नाव। उन्नाव-रसूलाबाद मार्ग पर माखी गांव के पास रविवार रात हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार बीए की छात्रा की मौत हो गई। छात्रा कोचिंग से पढ़कर घर लौट रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
माखी थाना क्षेत्र के जंगल जहानाबाद निवासी संध्या (20) पुत्री ओमप्रकाश बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थीं। वह प्रतिदिन स्कूटी से उन्नाव स्थित कोचिंग में पढ़ने जाती थीं। रविवार रात करीब आठ बजे कोचिंग से घर लौटते समय उन्नाव-रसूलाबाद मार्ग पर माखी गांव के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल संध्या को राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार संध्या पांच बहनों में तीसरे नंबर पर थीं। उनकी मौत से मां सुषमा और बहनें खुशी, मुस्कान, योगिता तथा नम्रता का रो-रोकर बुरा हाल है।
माखी थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।








