सरोजनीनगर, लखनऊ। बदाली खेड़ा कॉलोनी में जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड के पार्षद रामनरेश रावत ने रामेश्वरी पब्लिक स्कूल के पास मोहल्ले में 29 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस निर्माण कार्य से कॉलोनी के करीब 110 घरों की जल निकासी की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी।
पार्षद रामनरेश रावत ने बताया कि रामेश्वरी पब्लिक स्कूल से विजेंद्र यादव के घर होते हुए अलीशा अयूब अंसारी के घर तक झंडे वाली सड़क पर इंटरलॉकिंग और नाली का निर्माण कराया जाएगा। करीब 200 मीटर लंबी और तीन मीटर चौड़ी इस सड़क की हालत लंबे समय से खराब थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क और आसपास के घरों में पानी भर जाता था। इससे लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में काफी परेशानी उठानी पड़ती थी।
रामनरेश रावत ने कहा कि इस निर्माण कार्य को महापौर सुषमा खर्कवाल और विधायक राजेश्वर सिंह के सहयोग से आगे बढ़ाया जा सका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क और नाली बनने के बाद स्थानीय निवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन भी आसान होगा। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान कॉलोनी के निवासी छोटे लाल गौतम एडवोकेट और फूल चंद गौतम से नारियल फुड़वाकर भूमि पूजन कराया गया, जबकि विजेंद्र यादव ने फावड़ा चलाकर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
इस अवसर पर फूल चंद गौतम, जय राम यादव, रामेश्वर त्यागी, छोटे लाल गौतम, हरेंद्र यादव, संजय रावत, रिसी राम यादव, राजीव सिंह, प्रिंस, आशीष रावत, गोपाल रावत, विजेंद्र यादव, मनीष शर्मा, सुमन पाल, नीतू, रेखा पांडे और तारा कश्यप सहित कॉलोनी के कई महिला-पुरुष मौजूद रहे। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्या से निजात मिलेगी।





















