अखण्डनगर, सुल्तानपुर। अखण्डनगर-दोस्तपुर मार्ग पर प्राणनाथपुर बछेड़िया बाजार में सोमवार रात करीब सात बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। दुर्गापूजा पंडाल के पास प्रसाद लेने के लिए खड़े बच्चे को एक बुलेट सवार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बाइक लेकर दोस्तपुर की ओर फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
मृतक की पहचान सूर्यांश (6) पुत्र राजकुमार निवासी भरथुआ, थाना दोस्तपुर, सुल्तानपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि उसका परिवार प्राणनाथपुर बछेड़िया बाजार में किराये के कमरे में रहता है। परिवार के मुखिया राजकुमार ठेला लगाकर मजदूरी करते हैं और इसी से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। त्योहार के माहौल के बीच हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. शशांक शुक्ला ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, बाजार क्षेत्र में भी घटना को लेकर शोक का माहौल रहा।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर फरार बुलेट सवार की पहचान करने का प्रयास कर रही है।





















