बहराइच। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर बहराइच में 23 अक्टूबर को शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए इस दिन शुष्क दिवस (ड्राई डे) घोषित किया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
आदेश के अनुसार, 23 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर, मॉडल शॉप, बार, भांग और स्प्रिट की थोक एवं फुटकर दुकानों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। निर्धारित अवधि में इन दुकानों से मादक पदार्थों की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अनुज्ञापियों को आदेश का कड़ाई से पालन करने और निर्धारित समय तक दुकानों को पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए हैं। जिला आबकारी अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को बंदी सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस और आबकारी विभाग को भी प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ड्राई डे के दौरान दुकानें बंद रहने के एवज में अनुज्ञापियों को किसी प्रकार का प्रतिफल या क्षतिपूर्ति नहीं दी जाएगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।





















