बहराइच। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए बहराइच में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के सात मतदान केंद्रों पर कुल 1,636 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,286 पुरुष और 350 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए नामित सभी सात पोलिंग पार्टियां अपने-अपने केंद्रों पर पहुंच गई हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय की मौजूदगी में पोलिंग पार्टियों का रैंडमाइजेशन किया गया। इसके बाद डीएम ने पीठासीन अधिकारियों, प्रथम, द्वितीय और तृतीय मतदान अधिकारियों तथा माइक्रो ऑब्जर्वर्स को ब्रीफिंग दी। उन्होंने निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का पालन करते हुए सभी जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान से जुड़े प्रपत्र भरने, मतपेटिका खोलने और सील करने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को पूरी सावधानी के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी टीम भावना से काम करते हुए मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा कराएंगे। साथ ही सभी मतदान अधिकारियों को केंद्र पर पहुंचने की सूचना जिला मुख्यालय को अनिवार्य रूप से देने के निर्देश दिए गए।
जिले में क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन मिहींपुरवा में 162, तहसील नानपारा में 252, क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन महसी में 216, क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन रिसिया में 59, तहसील कार्यालय भवन बहराइच में 464, तहसील कार्यालय भवन कैसरगंज में 214 और क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन पयागपुर में 269 मतदाता पंजीकृत हैं। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी न्यायिक नीतू रानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





















