बहराइच। भारत-नेपाल सीमा से सटे बहराइच में जंगल के रास्ते नेपाल जाने की कोशिश कर रहे चार लोगों को पकड़ा गया है। इनमें तीन श्रीलंका के नागरिक और एक तमिलनाडु की महिला शामिल है। सभी के वीजा की अवधि समाप्त होने की बात सामने आई है। एसएसबी ने चारों को पकड़कर मुर्तिहा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मामला कोतवाली मुर्तिहा क्षेत्र के रूपनवा चेकपोस्ट के पास का है। चारों लोग जंगल के रास्ते नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने ग्रामीणों से नेपाल जाने का रास्ता पूछा। भाषा समझ में नहीं आने के कारण ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने इसकी सूचना सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को दी।
श्रीलंका के तीन और तमिलनाडु की महिला शामिल
पकड़े गए लोगों में श्रीलंका के जाफना निवासी 39 वर्षीय अजीत, 38 वर्षीय कौशल्या और 38 वर्षीय प्रभात शामिल हैं। इनके साथ तमिलनाडु निवासी 35 वर्षीय महिला धर्म सुद्याकर को भी पकड़ा गया है। शुरुआती जानकारी में चारों के वीजा की अवधि समाप्त होने की बात सामने आई है। हालांकि, उनके दस्तावेजों और भारत में रहने की वैधता की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
एसएसबी ने मुर्तिहा पुलिस को सौंपा
ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद एसएसबी ने चारों को पकड़ लिया और आगे की कार्रवाई के लिए मुर्तिहा पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वे नेपाल जाने के लिए जंगल का रास्ता क्यों अपना रहे थे और उनके खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव





















