बहराइच: जिले में किसानों से जुड़ी समस्याओं और बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानु ने कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। सात सूत्रीय मांगों को लेकर जुटे किसान नेताओं ने PWD और जिला पूर्ति विभाग (DSO) के खिलाफ आवाज उठाई और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान किसान यूनियन ने सरकारी गल्ले की दुकानों पर भेजे जा रहे राशन को लेकर गंभीर आरोप लगाए। संगठन का आरोप है कि दुकानों पर गीला माल भेजा जा रहा है, जिससे वजन बढ़ जाता है। किसान नेताओं ने इस मामले में सप्लाई इंस्पेक्टर और DSO की कथित मिलीभगत की भी जांच कराने की मांग उठाई।
किसान यूनियन ने जिले की सड़कों की हालत को लेकर भी नाराजगी जताई। संगठन का कहना है कि कई जगह PWD की सड़कें बदहाल हैं और गड्ढों से लोगों को परेशानी हो रही है। किसानों ने तंज कसते हुए कहा कि सड़कें कागजों में गड्ढामुक्त दिखाई जा रही हैं, जबकि जमीन पर उनकी स्थिति इसके उलट है। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित विभागों से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग की।
किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष धर्मचंद्र हमेश ने कहा कि सात सूत्रीय मांगों को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो दोबारा प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से इन शिकायतों और मांगों पर क्या कदम उठाया जाता है।





















