बहराइच। अधिवक्ता अखिलेश कुमार त्रिपाठी को फॉर्च्यूनर कार से टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में आरोपी चालक की गिरफ्तारी न होने से अधिवक्ताओं में आक्रोश है। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं ने जिला अधिवक्ता संघ कार्यालय के सामने धरना दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं का कहना था कि मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे नाराज वकीलों ने पुलिस प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्रवाई करने की मांग उठाई।
धरने की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित अधिवक्ताओं से वार्ता की और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
वार्ता के दौरान जिला बार एसोसिएशन, बहराइच के अध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आरोपी की गिरफ्तारी और प्रभावी कार्रवाई होने तक वे मामले पर नजर बनाए रखेंगे।





















