बहराइच जिले की मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र के राजापुर गिरंट गांव में बुधवार तड़के एक तेंदुआ घर में घुस गया और सो रही 60 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
रात में घर में घुसा तेंदुआ, महिला पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, घटना मोतीपुर थाना क्षेत्र की वेल्हन ग्राम सभा के महेशपुर इलाके की है। गांव निवासी जय कला (60), पत्नी शंकर, मंगलवार देर रात अपने घर में सो रही थीं। रात करीब दो बजे अचानक एक तेंदुआ घर में घुस आया और उसने सो रही महिला पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की आहट सुनते ही तेंदुआ वहां से भाग निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ आबादी वाले क्षेत्र के बेहद करीब पहुंच चुका है, जिससे किसी भी समय बड़ी घटना हो सकती है। लोगों ने वन विभाग से इलाके में तत्काल अभियान चलाकर तेंदुए को पकड़ने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव






















