बहराइच के कोतवाली नानपारा क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा बोधवा गांव के पास हुआ, जहां घर लौट रहे दोनों युवकों की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान ककरहा क्षेत्र के बोधवा गांव निवासी 25 वर्षीय अनुज और 28 वर्षीय प्रमोद के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसपी ग्रामीण ने भी घटना के खुलासे के लिए आसपास के CCTV फुटेज की जांच करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किस वाहन से हुआ और चालक कौन था।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। एक साथ दो युवकों की मौत से बोधवा गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी की नजर पुलिस की जांच पर टिकी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर जल्द ही हादसे के जिम्मेदार वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।





















