बहराइच में शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष आनंद मोहन मिश्र के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने आठ सूत्रीय मांगपत्र देकर लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने की मांग की।
महासंघ ने प्रधानाध्यापक पद के वेतन और बकाया एरियर के भुगतान के साथ पदोन्नति के लिए वरिष्ठता सूची जल्द जारी करने की मांग उठाई। इसके अलावा चयन वेतनमान से जुड़े आदेशों में त्रुटियों को सुधारने और शिक्षकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों के बाधित वेतन या मानदेय को बहाल करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शासन और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बीच हुए एमओयू के अनुसार शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के वेतन व मानदेय को एसबीआई में स्थानांतरित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। इसके साथ ही यू-डाइस पोर्टल की समस्याओं में सुधार, एसीपी आदेश जारी करने तथा प्रतिकूल प्रविष्टि और अन्य विभागीय कार्रवाइयों को हटाने जैसे मुद्दे भी उठाए गए।
इस दौरान जिला महामंत्री उमेश चंद्र त्रिपाठी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज कुमार वर्मा, जिला कोषाध्यक्ष सगीर अंसारी, जिला मंत्री धनंजय पांडेय, जिला मंत्री मनीष कुमार यादव और विशेश्वरगंज के कोषाध्यक्ष विपिन बिहारी तिवारी मौजूद रहे। महासंघ ने शिक्षक समुदाय से जुड़ी इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की।





















