बहराइच: जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र स्थित संतोष गारमेंट्स में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा कपड़ा और अन्य सामान जलने से भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, राहत की बात यह है कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव






















