अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी की फाइनल रिपोर्ट में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा को क्लीन चिट मिलने के बाद सियासत तेज हो गई है। अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार भले ही किसी को बचा ले, लेकिन यह प्रभु श्रीराम के दरबार की चोरी है और इसकी सजा से कोई नहीं बच सकता।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि राम मंदिर का मामला करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि वह लगातार संसद में मंदिर से जुड़े चंदे और चढ़ावे के मामले को उठाते रहे हैं और प्रधानमंत्री से भी हस्तक्षेप की मांग कर चुके हैं। सपा सांसद ने कहा कि इस तरह की घटना से अयोध्या की छवि को नुकसान पहुंचा है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
धार्मिक ग्रंथों का हवाला देते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा कि जब-जब धर्म की हानि होती है, तब कोई न कोई शक्ति सामने आती है और अधर्म का नाश करती है। उन्होंने कहा कि जांच में किसी को राहत मिलने के बावजूद सच्चाई सामने आनी चाहिए। उनका कहना है कि रामलला के दरबार से जुड़ा मामला होने के कारण इसे केवल राजनीतिक या कानूनी विवाद के तौर पर नहीं देखा जा सकता।
वहीं, अंबेडकरनगर में आईपीएस आशुतोष मिश्रा की माता के निधन पर भी अवधेश प्रसाद ने शोक जताया। उन्होंने कहा कि मृतका ने उन्हें दो बार आशीर्वाद दिया था और अपने हाथों से भोजन भी कराया था। पुलिस की ओर से हार्ट अटैक की बात कहे जाने पर उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की। अवधेश प्रसाद ने कहा कि मामले को तोड़-मरोड़कर पेश करने के बजाय इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए, रहस्य का खुलासा होना चाहिए और जो भी दोषी हों, उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की।





















