तीन माह पहले शुरू हुई इकलौती बस सेवा बंद होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी, मुख्यमंत्री से सेवा बहाल करने की मांग।
गोरखपुर (बांसगांव)। बांसगांव तहसील और गोरखपुर के बीच संचालित उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की इकलौती रोडवेज बस सेवा बंद होने से क्षेत्र के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बस सेवा को जल्द पुनः शुरू कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, राप्तीनगर डिपो से करीब तीन माह पहले गोरखपुर-बांसगांव मार्ग पर रोडवेज बस सेवा शुरू की गई थी। इस सेवा से कौड़ीराम, बेलीपार, डवरपार, महाबीर छपरा, सेवई बाजार, एकला, बाधागाड़ा और नौसढ़ सहित कई गांवों एवं कस्बों के लोगों को जिला मुख्यालय आने-जाने में काफी सुविधा मिल रही थी।
क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि परिवहन निगम के अधिकारियों ने इस बस को गोरखपुर-प्रयागराज मार्ग पर संचालित करना शुरू कर दिया, जिससे बांसगांव रूट की एकमात्र बस सेवा बंद हो गई। इसके बाद से छात्र, नौकरीपेशा, व्यापारी, मरीज और अन्य यात्रियों को निजी वाहनों पर निर्भर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस सेवा बंद होने से दैनिक आवागमन प्रभावित हो गया है और अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जनहित को देखते हुए बांसगांव-गोरखपुर बस सेवा को तत्काल पुनः बहाल किया जाए।
फिलहाल परिवहन निगम की ओर से बस सेवा बंद किए जाने के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।







