ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान
बेला थाना क्षेत्र के मढ़ादासपुर गांव की घटना, छह वर्षीय बच्चे की सूझबूझ से समय रहते पहुंची मदद।
औरैया। बेला थाना क्षेत्र के मढ़ादासपुर गांव में गुरुवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोर ने खेत में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि, एक मासूम बच्चे की सतर्कता और ग्रामीणों की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई। फिलहाल किशोर का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेला में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, शोभित कुमार (17) पुत्र रघुनाथ प्रसाद गुरुवार सुबह घर से निकलकर खेतों की ओर चला गया। वहां उसने पेड़ पर दुपट्टे की मदद से फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
इसी दौरान गांव के छह वर्षीय अनुराग की नजर उस पर पड़ी। उसने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। सूचना मिलते ही ग्रामीण और गांव के युवक मौके पर पहुंचे तथा तत्काल दुपट्टा काटकर किशोर को नीचे उतार लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
इसके बाद एंबुलेंस की मदद से शोभित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेला ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। स्वास्थ्यकर्मियों के अनुसार, उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और परिजन मामले की जानकारी जुटा रहे हैं।







