,राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने किया शिलान्यास
बाराबंकी। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड बनीकोडर अंतर्गत ग्राम सूरजपुर में 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक केंद्र (बारात घर) का मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने कहा कि यह सामुदायिक केंद्र ग्रामीण क्षेत्र के गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। यहां बेटियों के विवाह, बारात ठहराने के साथ-साथ सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी आसानी से किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सामुदायिक केंद्र के निर्माण से क्षेत्र में सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सामुदायिक गतिविधियों को नई मजबूती मिलेगी।
राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी आधारभूत सुविधाएं विकसित करना है, जिससे लोगों को अपने गांव में ही बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर पवन सिंह ‘रिंकू’, रूपेश प्रताप सिंह, सुरेन्द्र मिश्रा चौरसिया, भीखू रावत, सतीश रावत सहित जनप्रतिनिधि, क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।







