बाराबंकी। दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक युवक के अंतिम संस्कार के दौरान उसके गले पर संदिग्ध निशान मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के हूंसेपुर गांव निवासी वीरेंद्र वर्मा (35) की शादी करीब 15 वर्ष पहले रामनगर क्षेत्र के बरुवा गांव निवासी सुमन देवी से हुई थी। सुमन अपने माता-पिता की इकलौती संतान थीं। इसी कारण करीब 10 वर्ष पहले वीरेंद्र अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ ससुराल में रहने लगे थे और वहीं खेती-बाड़ी का कार्य करते थे।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे वीरेंद्र के परिजनों को उनके निधन की सूचना मिली। इसके बाद परिजन बरुवा गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार के लिए शव को पैतृक गांव हूंसेपुर ले आए। मृतक की पत्नी, बच्चे और मायके पक्ष के लोग भी अंतिम संस्कार में मौजूद थे।
दोपहर करीब एक बजे अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान जब शव को नहलाया जा रहा था, तभी परिजनों ने गले पर फंदे जैसे निशान और सूखा खून देखा। इसके बाद उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर डायल-112 और दरियाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भतीजे गुलशन ने अपने चाचा की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मृतक की पत्नी, ससुराल पक्ष और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








