एटा/जलेसर। धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में नूंहखेड़ा विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के किसानों को लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पर्याप्त वोल्टेज न मिलने से नलकूप नहीं चल पा रहे हैं, जिससे खेतों में सिंचाई बाधित हो रही है और धान की रोपाई प्रभावित हो रही है।
विद्युत उपकेंद्र नूंहखेड़ा के अंतर्गत आने वाले दलशाहपुर गांव के किसान शीलेंद्र पाल सिंह, नरेंद्र कुमार और प्रबल प्रताप सिंह सहित कई किसानों का कहना है कि सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली की व्यवस्था का लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। उनका आरोप है कि पर्याप्त वोल्टेज के अभाव में नलकूप संचालित नहीं हो रहे हैं।
वहीं जमालपुर गांव के किसान उमेश पाल सिंह, अनिल कुमार और मनोज कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। कई बार केवल दो फेज बिजली मिलने से ट्यूबवेल नहीं चल पाते, जिससे समय पर धान की रोपाई करना मुश्किल हो गया है। किसानों का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।
किसानों का कहना है कि धान की रोपाई का यह सबसे महत्वपूर्ण समय है। यदि समय पर सिंचाई नहीं हुई तो फसल की पैदावार प्रभावित होगी और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
समस्या को लेकर किसानों ने एसडीओ विद्युत से पर्याप्त वोल्टेज के साथ नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
इस संबंध में एसडीओ विद्युत नवीन यादव ने बताया कि लो वोल्टेज की समस्या उनके संज्ञान में है। किसानों की शिकायत मिलने के बाद संबंधित अवर अभियंता को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कृषि नलकूपों को पर्याप्त वोल्टेज के साथ विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को सिंचाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो।








