किसानों की खाद से लेकर सड़क और कानून-व्यवस्था तक उठाए मुद्दे
बाराबंकी। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिलाध्यक्ष राम अचल के नेतृत्व में जिलाधिकारी को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर जिले की विभिन्न जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में किसानों, ग्रामीणों और आम जनता से जुड़े कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
रालोद ने किसानों के लिए उचित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि खाद की कमी से खेती प्रभावित हो रही है और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में थाना सफदरगंज क्षेत्र के ग्राम उधौली निवासी बुजुर्ग हरी पर हुए हमले के मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की भी मांग की गई।
इसके अलावा पार्टी ने तहसील फतेहपुर के ग्राम मोहम्मदीपुर से ददौरा जाने वाले सार्वजनिक मार्ग को अवैध कब्जे से मुक्त कराने, ग्राम बसारा में असलम किराना स्टोर से प्राथमिक विद्यालय तक जर्जर सड़क की मरम्मत कराने तथा ग्राम मोहम्मदीपुर निवासी बराती लाल की ग्राम समाज की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग उठाई।
रालोद ने तहसील नवाबगंज के लखपेड़ाबा चौराहे से पायनियर स्कूल रोड तक क्षतिग्रस्त सड़क के पुनर्निर्माण और मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की भी मांग की।
इसके साथ ही विकासखंड दरियाबाद के ग्राम शुक्लनपुरवा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र परिसर में जलभराव और नाली की समस्या के स्थायी समाधान की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राम अचल के साथ रमेश चन्द्र द्विवेदी, दिलीप वर्मा, सुधीर सिंह, हनुमान शरण, रामप्रताप, संदीप सिंह, परशुराम सिंह, महादेव, रामकुमार, सुनील कुमार, नसरुद्दीन, कैलाश वर्मा और चंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






