सभी समितियों पर पर्याप्त स्टॉक
बाराबंकी। खरीफ सीजन में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रामसनेहीघाट तहसील के तहसीलदार शशांक नाथ उपाध्याय ने बुधवार को क्षेत्र की साधन सहकारी समितियों और निजी खाद विक्रेताओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद के स्टॉक, वितरण व्यवस्था और तकनीकी संसाधनों की समीक्षा करते हुए किसानों को बिना किसी बाधा के खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
तहसीलदार ने साधन सहकारी समिति रामपुर, गजपतिपुर, सादुल्लापुर, छंदवल सहित अन्य समितियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सभी समितियों में 500 बोरी से अधिक खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और क्षेत्र में खाद की किसी प्रकार की कमी नहीं है। किसानों की मांग के अनुरूप समय पर खाद उपलब्ध कराई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कुछ समितियों में मशीनों के बंद होने या धीमी गति से कार्य करने के कारण वितरण व्यवस्था प्रभावित होने की जानकारी मिली। इस पर तहसीलदार ने संबंधित समिति सचिवों को निर्देश दिए कि तकनीकी खराबी की तत्काल लिखित सूचना विभागीय अधिकारियों को भेजी जाए, ताकि शीघ्र मरम्मत कराकर वितरण व्यवस्था सुचारु रखी जा सके।
तहसीलदार शशांक नाथ उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निजी खाद विक्रेताओं को निर्धारित मूल्य पर खाद बेचने तथा स्टॉक और वितरण से संबंधित अभिलेख नियमित रूप से संधारित करने के निर्देश भी दिए।





















