अयोध्या। बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। इस दौरान विधायक ने रामनगर धौरहरा में करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पंपिंग स्टेशन/डी-वाटरिंग पंप के लिए धनराशि उपलब्ध कराने पर क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार जताया। विधायक ने कहा कि पंपिंग स्टेशन के तैयार होने से जलभराव की समस्या से जूझ रहे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी और हजारों बीघा जमीन को पानी में डूबने से बचाया जा सकेगा।
मुलाकात के दौरान क्षेत्र में बिजली कटौती और अनावश्यक रोस्टिंग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि बिजली की समस्या के चलते ग्रामीणों और किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार और अनावश्यक रोस्टिंग पर रोक लगाने की मांग की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से गरीब और असहाय परिवारों के इलाज के लिए अब तक करीब 10 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराने पर भी विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
विधायक ने बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क और आवागमन से जुड़ी समस्याओं को लेकर 20 सड़कों और एक ओवरब्रिज के निर्माण की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। इनमें बीबियापुर संपर्क मार्ग, ढेमवा घाट से एनएच-27 होते हुए नौवां कुआं मार्ग, नौवां कुआं से छतिरवा-पारा-कैल-भदरसा मार्ग, सुचितागंज से सत्तीचौरा पुलिस चौकी तक सड़क तथा रूसिया माफी-भदरसा के बीच तमसा नदी पर दीर्घसेतु समेत कई महत्वपूर्ण सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा झामदूबे पुरवा से दक्षिणपारा-सारंगापुर होते हुए सरैया ड्योढ़ी-बड़ागांव, छोटा मिछौड़ा-कलवारन का पुरवा, गुन्धौर-बिचली का पुरवा, तोरोमाफी-वसुुदेवपुर, बनकट-दुबौली और जलालपुर कुचेरा-चंदीकापुर नगहरा सहित अन्य मार्गों के निर्माण की मांग भी रखी गई।
विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान के अनुसार मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की इन मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सभी कार्यों को कराने का आश्वासन दिया है। विधायक ने कहा कि बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली और जलभराव जैसी रोजमर्रा से जुड़ी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन, पर्याप्त बिजली और जलभराव से राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के समक्ष इन मुद्दों को उठाए जाने से क्षेत्र के लोगों को भी विकास कार्यों को लेकर उम्मीद जगी है।





















