गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनकी जन्मभूमि सिर गोवर्धनपुर की मिट्टी से भरे कलश के साथ वंदन यात्रा एवं समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ शनिवार को नगर मंडल से किया गया। यह अभियान जिले के सभी सात विधानसभाओं तथा भाजपा के 34 मंडलों में शनिवार से प्रारंभ होकर 25 अगस्त तक चलेगा।
शहर के लंका मैदान स्थित श्री राम जानकी मंदिर से यात्रा को भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जो अम्बेडकर पार्क स्थित अम्बेडकर के प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजली अर्पित कर महाराजगंज,अगस्ता, बुढ़नपुर होकर बबेडी पहुची। जहां रात्रि विश्राम करेगी। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि संत गुरु रविदास ने अपने जीवनभर सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया। उनका जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति के सम्मान और उत्थान के लिए समर्पित रहा। पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं जितनी उनके समय में थीं। उन्होंने जाति-पांति और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। भाजपा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। भाजपा युवा नेता अभिनव सिन्हा ने कहा कि यह वंदन यात्रा केवल एक धार्मिक या सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का जन-जागरण अभियान है। युवा पीढ़ी को संत रविदास के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक एकता, राष्ट्रभक्ति और सेवा के भाव को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक राजेश सोनकर, प्रो शोभनाथ यादव ,प्रवीण सिंह, शैलेश कुमार राम, दयाशंकर पांडेय, अच्छे लाल गुप्ता, सरिता अग्रवाल, सुमित तिवारी, किरण सिंह, सरोजेस सिंह, प्रीति गुप्ता, विजय यादव,राणा सिंह ,गर्वजीत सिंह अभिनव सिंह छोटू ,गोपाल राय, अजय कुशवाहा ,मुरली कुशवाहा ,शिवम प्रकाश त्रिपाठी, रास बिहारी राय,हेमंत त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







