लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश में 11 से 15 अगस्त तक प्रदेशव्यापी तिरंगा यात्रा निकालेगी। इस अभियान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित मौन यात्रा में भी भाग लेंगे।
तिरंगा यात्रा और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को लखनऊ में भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, महापौरों और जिला प्रभारियों के साथ रणनीति पर मंथन करेंगे।
पार्टी ने इस अभियान के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, 4 से 6 अगस्त के बीच प्रदेशभर में योजना को लेकर विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें यात्रा की रूपरेखा, जनभागीदारी और कार्यक्रमों के संचालन पर चर्चा होगी।






