जांच में जुटी पुलिस
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा केराडीह में शुक्रवार सुबह एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
मृतक की पहचान बिशुन विश्वकर्मा (50 वर्ष), पुत्र सरजु, निवासी ग्राम सभा केराडीह के रूप में हुई है। उनका शव सपही के पास बनकगरे रोड स्थित एक मंदिर के समीप आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, बिशुन विश्वकर्मा फर्नीचर का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन पुत्र और एक पुत्री हैं, जिनमें से किसी का भी अभी विवाह नहीं हुआ है।
शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना पर पहुंची शहाबगंज थाना पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
शहाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक कृपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।






















