सफीपुर। कुरसठ मोहल्ले में घर के बंटवारे के विवाद में हुई मारपीट में महिला और दो बेटियां घायल हो गईं। उन्हें मियागंज सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
आसीवन थाना के कस्बा कुरसठ के मोहल्ला चौक निवासी अतीक खान ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह परिवार के साथ लखनऊ के ठाकुरगंज में रहकर रिक्शा चलाते हैं। स्थायी घर थाना क्षेत्र के कस्बा कुरसठ में है। घर पर कोई न होने से बड़े भाई रफीक ने बिना पूछे कब्जा करने की नीयत से घर के ऊपरी हिस्से में निर्माण करा लिया। बुधवार की शाम घर पहुंचकर विरोध किया तो परिवार के ही सुहैल, उसकी पत्नी चांदबीबी, रफीक, उसकी बेटी जुल्फी ने गालीगलौज के साथ मारपीट की। इससे पत्नी अंजुम, बेटी नाजिया और राबिया घायल हो गईं। पुलिस की मदद से सभी को मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने अंजुम और राबिया की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दंपती सहित चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।







