दवा की जानकारी पूछने पर हुआ विवाद, वीडियो वायरल होने के बाद जांच समिति गठित
अभिषेक कुमार सिंह
गाजीपुर। जनपद के महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा कर्मियों की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। अपनी बेटी का इलाज कराने पहुंचे एक तीमारदार के साथ मेडिकल कॉलेज में तैनात बाउंसरों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गाजीपुर निवासी मनोज यादव अपनी बेटी का इलाज कराने मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग पहुंचे थे। पीड़ित के मुताबिक डॉक्टर को दिखाने के बाद वह दवा से संबंधित जानकारी लेने के लिए दोबारा डॉक्टर से मिलने पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद बाउंसरों ने उन्हें रोक दिया और कुछ देर बाद आने को कहा।
मनोज यादव का आरोप है कि जब वह दोबारा डॉक्टर से जानकारी लेने पहुंचे तो सुरक्षा कर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित मनोज यादव ने मेडिकल कॉलेज में तैनात बाउंसरों के खिलाफ सदर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. डॉ. आनंद मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और तीमारदारों के साथ व्यवहार को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।




