102 छात्रों के पंजीकरण के बावजूद विद्यालय में बेहद कम उपस्थिति का दावा, अभिभावकों ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
सुल्तानपुर। अखण्डनगर थाना क्षेत्र के पाराबासूपुर स्थित जनसेवक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्र उपस्थिति और शैक्षणिक व्यवस्थाओं को लेकर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय स्तर पर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शैक्षिक सत्र 2026-27 के अप्रैल माह के विद्यालय अभिलेखों में करीब 102 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण दर्ज है। वहीं, 2 जुलाई को विद्यालय परिसर में केवल एक-दो छात्र ही उपस्थित दिखाई दिए। आरोप है कि लंबे समय से छात्र संख्या और उपस्थिति से जुड़े अभिलेखों में अनियमितता दिखाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लिया जा रहा है।
सूत्रों का यह भी दावा है कि उच्च अधिकारियों के संभावित निरीक्षण की सूचना मिलने के बाद विद्यालय प्रशासन और शिक्षक वर्ग में हलचल बढ़ गई है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अभिभावकों ने मांग की है कि विद्यालय में शासन की ओर से मिलने वाले दूध, फल एवं अन्य निःशुल्क सुविधाओं का नियमित वितरण सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए।
फिलहाल संबंधित विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।








