दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
सादाबाद। कोतवाली सादाबाद में वन विभाग की तहरीर पर संरक्षित वन भूमि से छह हरे पेड़ उखाड़ने, उनकी लकड़ी खुर्द-बुर्द करने तथा भूमि का समतलीकरण करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
वन दरोगा एवं जारऊ सेक्शन प्रभारी अंकिता तिवारी द्वारा दर्ज कराई गई तहरीर के अनुसार, 19 जून 2026 की सुबह करीब आठ बजे वह बीट प्रभारी गंभीर सिंह के साथ आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-509 पर गश्त कर रही थीं। इस दौरान सिंघल कोल्ड स्टोर, गीगला के पास स्थित संरक्षित वन भूमि के निरीक्षण में पांच हरे कंजी तथा एक हरा प्रोसोपिस जुलीफ्लोरा (विलायती बबूल) का पेड़ उखड़ा हुआ मिला।
वन विभाग का आरोप है कि पेड़ों की लकड़ी मौके से हटा दी गई थी और मिट्टी डालकर भूमि का समतलीकरण कर दिया गया था। स्थानीय स्तर पर की गई जांच में इस कृत्य के लिए राजेंद्र पुत्र मुख्तयार सिंह निवासी विभव रेजीडेंसी, कर्मयोगी, कमला नगर (आगरा) तथा नीरज पुत्र नेत्रपाल सिंह निवासी नीमगांव, थाना राया, जिला मथुरा का नाम सामने आया।
वन विभाग की शिकायत के आधार पर कोतवाली सादाबाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







