सदर कोतवाली में तत्कालीन शस्त्र लिपिक भी नामजद, रिकॉर्ड रूम से पत्रावली गायब होने के आरोप की भी जांच।
गाजीपुर। माफिया मुख्तार अंसारी की फरार पत्नी आफ्शा अंसारी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। गाजीपुर पुलिस ने शस्त्र लाइसेंस में कथित फर्जीवाड़े के आरोप में सदर कोतवाली में आफ्शा अंसारी और तत्कालीन शस्त्र लिपिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्तार अंसारी, उसके परिजनों और आईएस-191 गैंग से जुड़े लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच के दौरान आफ्शा अंसारी के नाम जारी रिवाल्वर के लाइसेंस से संबंधित दस्तावेजों में कथित अनियमितताएं सामने आईं। जांच में यह भी आरोप है कि शस्त्र लाइसेंस से जुड़ी मूल पत्रावली रिकॉर्ड रूम से गायब कर दी गई, जिसकी अलग से जांच की जा रही है।
इसी आधार पर सदर कोतवाली में आफ्शा अंसारी और तत्कालीन शस्त्र लिपिक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि आफ्शा अंसारी फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस पहले ही एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर चुकी है। पुलिस उनकी तलाश के साथ-साथ पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राकेश मिश्रा ने बताया कि शस्त्र लाइसेंसों की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच जारी है।







