चंदौली। जिले के धीना थाना क्षेत्र में डेढ़ागावा गांव के पास नहर और नाले के किनारे दो अज्ञात व्यक्तियों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए हैं। मृतकों की उम्र करीब 32 और 35 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक परिस्थितियों के आधार पर दोनों की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
दो शव मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में हलचल मच गई। पुलिस अधीक्षक चंदौली ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और सर्विलांस टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई हैं। पुलिस घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।
धारदार हथियार और गोली से हत्या की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्तियों की मौत धारदार हथियार और गोली लगने से होने की आशंका है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से जुटाए जा रहे साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।
दोनों शवों की पहचान कराने में जुटी पुलिस
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती दोनों मृतकों की पहचान करना है। इसके लिए शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों शव अलग-अलग स्थानों से मिलने के कारण पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं। शवों के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।





















