चंदौली। जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने गंगा नदी पर बने बलुआ पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 1200 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब की मात्रा 11,408 लीटर से अधिक है और इसकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल अशोक लीलैंड ट्रक को कब्जे में लेते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद वाराणसी से बिहार जाने वाले मार्ग पर बलुआ पुल के पास सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रहे ट्रक संख्या HR 65 A 5988 को रोक लिया गया। ट्रक से उतरकर भागने की कोशिश कर रहे दोनों लोगों को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लताश निवासी हिमाचल प्रदेश और वीरेंद्र निवासी मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है।
लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाई थी शराब
पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने कथित तौर पर बताया कि वे चंडीगढ़ के पास एक अज्ञात व्यक्ति से शराब लदा ट्रक लेकर बिहार जा रहे थे। वहां शराब ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। इसके बदले उन्हें एक लाख रुपये मिलने थे। पुलिस से बचने के लिए ट्रक में शराब की पेटियों के ऊपर लकड़ी के बुरादे से भरी बोरियां रखी गई थीं, ताकि चेकिंग के दौरान शराब पकड़ में न आए।
आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ बलुआ थाने में मुकदमा संख्या 304/2026 दर्ज किया है। मामला आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान ट्रक के अलावा ओप्पो कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 3,700 रुपये नकद, पर्स, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य सामान भी बरामद किया गया।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक बलुआ संतोष कुमार सिंह, स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव और सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक अनंत कुमार भार्गव, अमित सिंह, जमीलुद्दीन खान समेत स्वाट और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ अहम सफलता माना जा रहा है।





















