चंदौली। बलुआ थाना पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए शराब की अंतरराज्यीय तस्करी के मामले में दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित शराब से भरा ट्रक लेकर बिहार जा रहे थे। तस्करी के लिए ट्रक में शराब के ऊपर लकड़ी के बुरादे की बोरियां रखी गई थीं, ताकि रास्ते में जांच के दौरान पुलिस को शक न हो।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने कथित तौर पर बताया कि वे पैसों के लालच में चंडीगढ़ के पास एक अज्ञात व्यक्ति से शराब लदा ट्रक लेकर बिहार जा रहे थे। वहां शराब को ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। इसके बदले उन्हें एक लाख रुपये मिलने थे। पुलिस अब इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों और शराब की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस ने इस मामले में बलुआ थाने में मु0अ0सं0 304/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मुकदमा दर्ज किया है। मौके से शराब लदे ट्रक के अलावा ओप्पो कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 3,700 रुपये नकद, पर्स, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य सामान बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक बलुआ संतोष कुमार सिंह, स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव और सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में की गई। टीम में बलुआ थाने के उपनिरीक्षक अनंत कुमार भार्गव, अमित सिंह, जमीलुद्दीन खान सहित स्वाट और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।





















