सब हेडिंग: जनपद के सभी थानों में जागरूकता अभियान, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं को अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रही एंटी रोमियो टीम
चंदौली में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद के सभी थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के तहत एंटी रोमियो टीम बाजारों, कस्बों, ग्रामीण इलाकों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक कर रही है। पुलिस उन्हें महिला संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी देने के साथ सुरक्षित माहौल बनाए रखने के प्रति भी जागरूक कर रही है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना और जरूरत पड़ने पर मदद लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
सरकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा कानूनों की जानकारी
जागरूकता कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन और सखी निवास जैसी योजनाओं के बारे में बताया जा रहा है। इसके साथ ही घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम और लिंग चयन प्रतिषेध कानून के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी भी दी जा रही है।
साइबर अपराध से बचाव पर भी रहेगा फोकस
मिशन शक्ति अभियान के आगामी चरण में साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा। महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने, ऑनलाइन धोखाधड़ी पहचानने और साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए जाएंगे। इसके अलावा थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और वहां उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देकर महिलाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन केंद्रों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।





















