चंदौली। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए शुक्रवार को जिले में सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। शुरुआती दो घंटे यानी सुबह 10 बजे तक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 5.59 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 12.43 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं, दोपहर 12 बजे तक स्नातक निर्वाचन में मतदान का प्रतिशत बढ़कर 15.16 और शिक्षक निर्वाचन में 38.97 प्रतिशत पहुंच गया। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे के बीच मतदान में तेजी दर्ज की गई।
चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने और मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष व पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए।
सुरक्षा के बीच मतदान जारी
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदाताओं की पहचान की जांच और आवश्यक सत्यापन के बाद ही उन्हें मतदान केंद्रों में प्रवेश दिया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मतदान प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो और मतदान सुचारु रूप से चलता रहे।
वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से कुल 34 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस चुनाव में वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और बलिया समेत आठ जिलों के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। पूरे निर्वाचन क्षेत्र में शिक्षक निर्वाचन के लिए 112 और स्नातक निर्वाचन के लिए 257 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
चंदौली जिले में मतदान शाम चार बजे तक चलेगा। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी पात्र मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें और निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।





















