चंदौली में गंगा तट स्थित नमो घाट पर प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात और अन्य जरूरी सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नमो घाट तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने पर जोर दिया, ताकि दर्शकों को आने-जाने में परेशानी न हो। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे घाट क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में बांटने की योजना बनाई गई है। इन सेक्टरों में सीसीटीवी कैमरे, वाटर टैंकर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम रहें।
एयर शो में स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और दूर-दराज से आने वाले दर्शकों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने यातायात सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, जिलाधिकारी ने बताया कि शहर में 25 अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। प्रमुख चौराहों और नमो घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता (प्रांतीय खंड) राजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार, उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, अधिशासी अधिकारी पीडीडीयू नगर, ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत पुलिस और सिविल प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। एयर शो के आयोजन को लेकर अब सुरक्षा, पार्किंग, यातायात और दर्शकों की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।





















