चंदौली। विजयदशमी के अवसर पर चकिया क्षेत्र में पुलिस ने जनजागरूकता झांकी निकालकर महिला सुरक्षा, नारी सशक्तीकरण और साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया। मंगलवार को मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में यह पहल की गई। क्षेत्राधिकारी चकिया के नेतृत्व में चकिया, शहाबगंज और इलिया थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने पचवनिया से सैदूपुर तक झांकी निकालकर लोगों को जागरूक किया।
झांकी में मिशन शक्ति केंद्र, एंटी रोमियो स्क्वायड और साइबर सुरक्षा जागरूकता टीम शामिल रही। पुलिसकर्मियों ने रावण दहन और भरत मिलाप कार्यक्रम के दौरान लोगों को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक किया। साथ ही साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस की इस पहल के जरिए त्योहार के उल्लास के बीच समाज को महिला सम्मान और सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। मिशन शक्ति और एंटी रोमियो स्क्वायड की भूमिका के बारे में लोगों को जागरूक करते हुए बताया गया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सतर्कता और सामाजिक सहयोग जरूरी है। वहीं, साइबर अपराधों से बचाव के लिए अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सावधान रहने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी चकिया, उपजिलाधिकारी चकिया और चकिया, शहाबगंज तथा इलिया थानों के प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस की इस जागरूकता झांकी का उद्देश्य विजयदशमी और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन को जागरूक करना रहा। पुलिस ने लोगों से अपील की कि महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम में सहयोग करें, ताकि समाज में सुरक्षित और जागरूक वातावरण बनाया जा सके।





















