सब हेडिंग: कोयला मंडी से पड़ाव होते हुए रामनगर और कटेसर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक, रात 12 से सुबह 5 बजे तक मिलेगी छूट
चंदौली। आगामी त्योहारों और वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित होने वाले एयर शो को देखते हुए जिले में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए 21 से 25 अक्टूबर 2026 तक नो-इंट्री प्लान लागू किया गया है। इसके तहत कोयला मंडी से पड़ाव होते हुए रामनगर की ओर जाने वाले ट्रकों और भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। इसी तरह लंका मैदान से कटेसर होते हुए कोयला मंडी की ओर भी भारी वाहन नहीं जा सकेंगे।
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, इन दोनों मार्गों पर रात 12 बजे से सुबह पांच बजे तक नो-इंट्री में छूट दी जाएगी। इसके बाद दिन के समय प्रतिबंध प्रभावी रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों और एयर शो के दौरान सड़कों पर यातायात का दबाव कम करना और आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाए रखना है।
इसके अलावा लंका मैदान से चकिया तिराहा होते हुए पड़ाव (मुगलसराय) की ओर भी मालवाहक और भारी वाहनों के जाने पर रोक रहेगी। प्रशासन ने ट्रक व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और समय-सारिणी का पालन करें, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
प्रशासन ने कोयला मंडी क्षेत्र में ट्रक और अन्य भारी वाहनों को मुख्य मार्ग या सर्विस रोड पर खड़ा नहीं करने के निर्देश भी दिए हैं। वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।





















