सब हेडिंग: डीआईजी, डीएम और एसपी ने अधिकारियों को दी ब्रीफिंग, 22, 24 और 25 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से लागू रहेंगे यातायात प्रतिबंध
चंदौली। वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित एयर शो को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को पड़ाव स्थित एसटीएमआर जयपुरिया स्कूल में प्रशासनिक अधिकारियों और सेक्टर जोनल मजिस्ट्रेटों की ब्रीफिंग हुई। डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, रूट मैप, पार्किंग और यातायात प्रबंधन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एयर शो देखने आने वाले लोगों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुगम आवागमन की व्यवस्था पर चर्चा हुई। डुमरी, सुजाबाद, कटेसर, बहादुरपुर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती, बैरियर और पार्किंग स्थलों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्बाध रास्ता मिले। निर्धारित पार्किंग स्थलों के अलावा सड़क या प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन खड़ा करने से बचने की अपील की गई है।
राजघाट और सामने घाट पुल से वाराणसी जाने पर रोक
एयर शो के दौरान राजघाट पुल और सामने घाट पुल से वाराणसी की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। मुगलसराय और अलीनगर क्षेत्र के वाहन चालकों को इन पुलों के बजाय निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। बिहार, चंदौली और अन्य जिलों से आने वाले चारपहिया वाहन रिंग रोड के रास्ते पंचपेड़वा पहुंचेंगे और वहां से अलीनगर होते हुए पड़ाव क्षेत्र के निर्धारित पार्किंग स्थलों तक जाएंगे। चारपहिया वाहनों के लिए एफसीआई गोदाम, सनबीम स्कूल ग्राउंड और एसआरएन स्कूल के पीछे का मैदान निर्धारित किया गया है। दोपहिया वाहन एम्बिशन, एप्को ऑफिस और एप्को ग्राउंड में खड़े किए जा सकेंगे। पड़ाव क्षेत्र की पार्किंग भरने पर चारपहिया वाहनों को रामनगर स्थित लंका मैदान पार्किंग की ओर भेजा जाएगा।
सुबह आठ बजे से लागू होंगे यातायात प्रतिबंध
प्रशासन के अनुसार, निर्धारित तिथियों पर सुबह आठ बजे से एयर शो की समाप्ति तक यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। एयर शो में शामिल नहीं होने वाले और बाबतपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर सहित अन्य जिलों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को एनएच-19 और रिंग रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। वाहन चालकों को बैरियर, यातायात संकेतकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करना होगा। अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार वैकल्पिक इंतजाम किए जाएंगे। ब्रीफिंग में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, यातायात प्रभारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





















