चंदौली पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद पुलिसकर्मियों के शौर्य, साहस और बलिदान को याद किया। इस दौरान सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने और अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करने का संकल्प लिया।
एसपी आकाश पटेल ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा और अपने दायित्वों के निर्वहन के दौरान प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग हमेशा पुलिस बल को प्रेरणा देता रहेगा। उनका साहस और कर्तव्यनिष्ठा पुलिसकर्मियों को विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी दृढ़ता के साथ जिम्मेदारियां निभाने की सीख देती है। उन्होंने शहीद जवानों के बलिदान को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।
पुलिस विभाग के अनुसार, एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी। इनमें उत्तर प्रदेश पुलिस के छह जवान भी शामिल हैं। शहीद जवानों में उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, आरक्षी अशोक कुमार, आरक्षी प्रदीप कुमार, फायर सर्विस चालक तीर्थपाल सिंह और फायरमैन रोहित कुमार यादव के नाम शामिल हैं। कार्यक्रम में इन सभी जवानों के बलिदान को याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
हॉटस्प्रिंग के वीर जवानों की स्मृति में मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस
पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉटस्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले का मुकाबला करते हुए शहीद हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के दस जवानों की याद में मनाया जाता है। करीब 10 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित दुर्गम क्षेत्र में जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चंद्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय राय, क्षेत्राधिकारी चकिया अजीत सिंह चौहान और प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्र समेत विभिन्न थानों के प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय एवं पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।





















