चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद कर तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। बरामद तीनों बाइक हीरो स्प्लेंडर प्लस हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की। पूछताछ में बाल अपचारियों ने कथित तौर पर बताया कि वे अपने शौक पूरे करने के लिए गिरोह के सरगना के साथ मिलकर मुगलसराय स्टैंड और आसपास के इलाकों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। इसके बाद उन्हें कम कीमत पर बेचकर रुपये आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के अनुसार, बरामद तीनों मोटरसाइकिलें 18 अक्टूबर को मुगलसराय स्टैंड से चोरी की गई थीं। करीब एक सप्ताह पहले भी इसी गिरोह द्वारा एक अन्य मोटरसाइकिल चोरी किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि बाल अपचारी बरामद बाइकों को बेचने की तैयारी में थे, जबकि गिरोह का कथित सरगना मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
बरामद मोटरसाइकिलों में दो काले रंग की और एक काले-सिल्वर रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं। इनके पंजीकरण नंबर यूपी 67 एएच 0617, यूपी 67 एएल 2146 और यूपी 65 ईक्यू 4394 हैं। अलीनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) और 317(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बरामदगी का संबंध मुगलसराय थाने में दर्ज चोरी के तीन मामलों से भी सामने आया है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।




















