सवा लाख नकद और 7 लाख के जेवर लेकर फरार हुए चोर
पीडीडीयू नगर (चंदौली)। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के इंडियन इंस्टीट्यूट स्थित रेलवे कॉलोनी में शुक्रवार देर रात चोरों ने एक रेलवे कर्मचारी के क्वार्टर में घुसकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर करीब 1.25 लाख रुपये नकद, 7 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवर तथा एक लैपटॉप चोरी कर फरार हो गए। घटना के समय परिवार घर में ही सो रहा था, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार, इंडियन इंस्टीट्यूट स्थित रेलवे क्वार्टर संख्या 379/F में रेलकर्मी आनंद कुमार परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार रात वह ड्यूटी पर थे, जबकि उनकी पत्नी रंजू कुमारी और पुत्री रिचा घर के एक कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान देर रात चोर छत के रास्ते घर में घुसे और पीछे का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश कर गए।
चोरों ने कमरे में रखी गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सवा लाख रुपये नकद, दो जोड़ी झुमके, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, दो जोड़ी पायल, नथिया सहित करीब 7 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवर और एक लैपटॉप चोरी कर लिया। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
शनिवार सुबह करीब छह बजे जब रंजू कुमारी की नींद खुली तो उन्होंने बरामदे में सामान बिखरा देखा। अलमारी खुली मिली और जांच करने पर नकदी, जेवर तथा लैपटॉप गायब थे। इसके बाद परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पीड़ित परिवार ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।






