पांचाल घाट से जल लेने रवाना हुआ कांवड़ियों का जत्था
अलीगंज/एटा। सावन माह के पहले सोमवार पर भगवान शिव के जलाभिषेक को लेकर अलीगंज में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। रविवार को मोहल्ला राधाकृष्ण से कांवड़ियों का एक बड़ा जत्था जय भोलेनाथ और बम-बम भोले के जयकारों के साथ फर्रुखाबाद स्थित पांचाल घाट के लिए रवाना हुआ।
कांवड़ यात्रा में महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भगवा वस्त्रों में सजे श्रद्धालु हाथों में कांवड़ और शिव ध्वज लेकर भक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए। यात्रा के दौरान हर-हर महादेव, बम-बम भोले और जय शिव शंकर के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।
कांवड़ियों के जत्थे के रवाना होते ही मोहल्ले का वातावरण भक्तिमय हो उठा। बच्चों और युवाओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया, वहीं महिलाओं ने भी पूरे श्रद्धाभाव के साथ कांवड़ यात्रा में भाग लिया।
आयोजक अनिल कुमार भक्तगढ़ ने बताया कि सभी श्रद्धालु फर्रुखाबाद के पौराणिक पांचाल घाट पहुंचकर गंगा जल भरेंगे। इसके बाद कांवड़ में पवित्र गंगाजल लेकर अलीगंज वापस लौटेंगे। सावन के पहले सोमवार को तहसील रोड स्थित शिवालय में विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
श्रद्धालुओं ने बताया कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का विशेष पर्व है। कांवड़ में गंगाजल लाकर शिवलिंग पर अर्पित करना आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं ने अनुशासन और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए यात्रा पूरी करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वर्षा, काजल, प्रियंका, पूजा, शीतल, सौम्या, अरविंद, शिवा, सुमित, बाबू सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे मौजूद रहे।







