अयोध्या। रायबरेली जनपद में तैनात सिपाही दिव्यांश शुक्ला रविवार शाम करीब 7:15 बजे अयोध्या में सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसा साकेत पेट्रोल पंप ओवरब्रिज से उतरने के बाद बाईं ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ, जहां उनकी बाइक आगे चल रहे एक वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अयोध्या नगर कोतवाल पंकज सिंह तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए घायल सिपाही को मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर पहुंचाकर भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
कोतवाल पंकज सिंह ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल रायबरेली के संबंधित थाना प्रभारी (SHO) और घायल सिपाही के परिजनों को भी हादसे की सूचना दी, जिससे परिवार को समय रहते घटना की जानकारी मिल सकी।
जानकारी के अनुसार, सिपाही दिव्यांश शुक्ला मूल रूप से गोंडा जनपद के नियांवां के निवासी हैं और वर्तमान में रायबरेली जिले में तैनात हैं।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है, जबकि मेडिकल कॉलेज में उनका उपचार जारी है। समय पर मिली पुलिस सहायता और त्वरित चिकित्सा सुविधा के चलते उनकी जान बच गई।








