पीडीडीयू नगर। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर विशेष अभियान 6.0 के तहत गुरुवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल के सभी 61 रेलवे स्टेशनों पर रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय रेल के करीब सात हजार स्टेशनों पर एक साथ हुए इस कार्यक्रम में यात्रियों से रेल सुविधाओं, यात्री सेवाओं और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सुझाव और फीडबैक लिए गए। रेलवे प्रशासन ने कहा कि प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
गया जंक्शन पर पूर्व मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक अमरेंद्र कुमार और अपर मंडल रेल प्रबंधक सूरज कुमार ने यात्रियों से संवाद किया। वहीं, डीडीयू जंक्शन पर मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और अपेक्षाएं जानीं। इस दौरान मुख्य रोलिंग स्टॉक अभियंता राजेश कुमार, वरीय मंडल यांत्रिक अभियंता नितिन कुमार, मंडल पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधक आलोक कुमार आर्य और मंडल वाणिज्य प्रबंधक विश्वनाथ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सासाराम स्टेशन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप ने यात्रियों से सुझाव लिए।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्टेशनों पर स्वच्छता, साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के साथ यात्रियों की भागीदारी बढ़ाना रहा। अधिकारियों ने यात्रियों से कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने, रेलवे परिसर को साफ रखने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की। साथ ही युवा पीढ़ी यानी Gen-Z के साथ संवाद स्थापित कर स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल रेलवे परिसर विकसित करने पर जोर दिया गया।
रेल जनसंवाद के बाद डीडीयू जंक्शन के मानस नगर कॉलोनी स्थित मानसरोवर तालाब पर मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के नेतृत्व में जनसहभागिता से सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान आसपास के निवासियों को तालाब में कूड़ा-कचरा नहीं फेंकने और जलस्रोत को स्वच्छ व सुरक्षित रखने के लिए जागरूक किया गया। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य यात्रियों और आम नागरिकों के सहयोग से स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।





















