देवरिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों के त्वरित और न्यायसंगत निस्तारण के लिए राजस्व एवं लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम हरैया बसंतपुर पहुंचकर एक शिकायत का मौके पर निस्तारण कराया। टीम ने संबंधित भूमि और क्षति का निरीक्षण कर शिकायतकर्ता व अन्य संबंधित पक्षों की बात सुनी।
गांव की रहने वाली गुंजमती देवी पत्नी गुलाब चंद चौहान ने शिकायत की थी कि देवरिया-हाटा मार्ग के चौड़ीकरण के दौरान उनकी निजी भूमि गाटा संख्या 235 से मिट्टी निकाली गई और उनकी बाउंड्रीवॉल क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने मामले में मुआवजा दिलाने और कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर की अध्यक्षता में टीम गठित की गई।
संयुक्त टीम में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, नायब तहसीलदार सदर, राजस्व निरीक्षक और संबंधित लेखपाल शामिल रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भूमि और क्षति का नियमानुसार सीमांकन व सत्यापन कराया। इस दौरान संबंधित पक्षों को भी सुना गया।
निरीक्षण और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई की। अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत का मौके पर ही पारदर्शी और नियमानुसार निस्तारण कर दिया गया। प्रशासन ने जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





















