महादेवा कॉरिडोर के संभावित शिलान्यास और जनसभा की तैयारियों का मंत्री व अधिकारियों ने लिया जायजा, सुरक्षा से लेकर हेलीपैड तक की तैयारियां शुरू
बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर श्री लोधेश्वर महादेवा धाम में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सोमवार को महादेवा मेला मैदान पहुंचकर महादेवा कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। हालांकि, मुख्यमंत्री के दौरे का अंतिम आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी होना शेष है।
शनिवार को प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने महादेवा अतिथि गृह में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ मेला मैदान का निरीक्षण कर मंच, सभा स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष भुल्लन वर्मा, एमएलसी अंगद सिंह, जिला पंचायत सदस्य राजरानी रावत, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी ए. सुदन, अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, एसडीएम आकांक्षा गुप्ता, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, कोतवाल अरुण प्रताप सिंह, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
उधर, लोक निर्माण विभाग ने मेला मैदान में पंडाल निर्माण के लिए नाप-जोख शुरू कर दी है। पूरे परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए हेलीपैड निर्माण की तैयारियां भी प्रारंभ कर दी गई हैं। प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।







