पुलिस बोली- जांच में अभी पुष्टि नहीं
कार रोकने की कोशिश का दावा, डायल-112 को सूचना देकर थाने में दी तहरीर
गोरखपुर। गगहा थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर ने कार सवार युवकों पर पीछा करने और फायरिंग करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
गगहा क्षेत्र निवासी डॉ. गौरीशंकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी कार से घर लौट रहे थे। आरोप है कि टिकरी मोड़ के आगे पीछे से आ रही एक वैगनार कार में सवार कुछ युवकों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया।
डॉक्टर का कहना है कि खतरे की आशंका को देखते हुए उन्होंने अपनी कार की गति बढ़ा दी और घर की ओर निकल गए। इसी दौरान वैगनार सवार युवकों ने उनकी कार की ओर दो राउंड फायरिंग की। उन्होंने दावा किया कि दोनों गोलियां उन्हें नहीं लगीं, जिससे उनकी जान बच गई।
घटना के बाद डॉ. गौरीशंकर ने डायल-112 पर सूचना दी और गगहा थाने पहुंचकर लिखित तहरीर देकर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
गगहा थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सरोज ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आसपास के साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।







