मिशन शक्ति फेज-6 के तहत चंदौली थाने के मिशन शक्ति केंद्र ने कराई सुलह, पति-पत्नी ने आपसी सहमति से साथ रहने का लिया निर्णय
चंदौली। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत चंदौली पुलिस परिवारों को टूटने से बचाने और पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराने की पहल कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार को थाना चंदौली स्थित मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने पारिवारिक विवाद के चलते अलग रह रहे एक दंपती के बीच सुलह कराकर उन्हें फिर से एक साथ रहने के लिए राजी किया।
जानकारी के अनुसार, पति और उसके परिजनों के विरुद्ध दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों को नोटिस और मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना देकर थाने बुलाया। मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने पति-पत्नी और उनके परिजनों से बातचीत कर पारिवारिक मूल्यों, आपसी विश्वास और रिश्तों के महत्व को समझाया। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद विवाद को आपसी बातचीत से सुलझाने का प्रयास किया गया।
पुलिस की समझाइश के बाद पति-पत्नी ने अपनी पुरानी गलतियों को स्वीकार करते हुए आपसी सहमति से नए सिरे से साथ रहने का निर्णय लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को उनके परिजनों के साथ हंसी-खुशी घर भेज दिया।





















