मुगलसराय, सकलडीहा, सैयदराजा और चकिया के मतदेय स्थलों की अनुमोदित सूची जारी, जिला निर्वाचन कार्यालय से लेकर वेबसाइट तक निःशुल्क मिलेगी सुविधा
चंदौली। जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) की सूची को भारत निर्वाचन आयोग ने मंजूरी प्रदान कर दी है। आयोग ने चार नवंबर 2026 को मतदेय स्थलों के सम्भाजन प्रस्तावों और उनसे संबंधित सूचियों का अनुमोदन किया। इसके बाद अब आम नागरिकों के लिए अनुमोदित सूची का अवलोकन निःशुल्क उपलब्ध करा दिया गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा 25 के तहत आयोग ने जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की सूची को स्वीकृति दी है। इनमें 380-मुगलसराय, 381-सकलडीहा, 382-सैयदराजा और 383-चकिया (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि आयोग से अनुमोदन मिलने के बाद मतदेय स्थलों की सूचियां जिला निर्वाचन कार्यालय और जनपद की सभी तहसीलों में उपलब्ध करा दी गई हैं। इसके अतिरिक्त चंदौली जिले की आधिकारिक वेबसाइट chandauli.nic.in के डीईओ पोर्टल पर भी सूची अपलोड कर दी गई है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि आम नागरिक जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित तहसीलों में जाकर अथवा ऑनलाइन माध्यम से मतदेय स्थलों की अनुमोदित सूची का निःशुल्क अवलोकन कर सकते हैं।





















