एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
भाकियू टिकैत गुट ने बिजली निगम पर लगाए मनमानी के आरोप, खाद की कालाबाजारी रोकने की उठाई मांग
बांगरमऊ (उन्नाव)। बिजली, खाद और सिंचाई संबंधी समस्याओं को लेकर शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में किसानों ने बिजली निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं को बिना जानकारी और सहमति के बिजली कनेक्शनों का लोड बढ़ाया जा रहा है, जिससे किसानों का आर्थिक शोषण हो रहा है। उन्होंने इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
किसानों ने खाद वितरण में कथित धांधली और कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाने, फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता समाप्त करने तथा सिंचाई विभाग की लापरवाही से खांदी कटने की समस्या का स्थायी समाधान कराने की भी मांग उठाई।
प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के नेता डॉ. मुन्ना अल्वी भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों और गरीबों के हितों की आवाज उठाती रही है। किसानों के अधिकारों का किसी भी स्तर पर हनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी।







